देश की खबरें | भाजपा, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे पर कोई बातचीत नहीं हुई : मुनगंटीवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है।
मुंबई, 26 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है।
शिवसेना द्वारा अगले साल होने वाले आम चुनाव में राज्य की कुल 48 लोकसभा सीटों में से 22 पर दावा पेश करने की योजना बनाए जाने की खबरों के बीच, मुनगंटीवार ने कहा कि दोनों सत्तारूढ़ सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत होनी है।
राज्य में शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ सत्ता साझा करने वाली भाजपा के लोकसभा सीटों पर अपने सहयोगी दल की मांगों को स्वीकार नहीं किये जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा के किसी भी नेता ने यह नहीं कहा कि शिंदे की मांगें नहीं मानी जायेंगी।
यहां राजभवन में पत्रकारों से बात करते हुए संस्कृति मंत्री ने कहा, ‘‘सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई ‘फॉर्मूला’ तय नहीं हुआ है। किसी भाजपा नेता ने यह नहीं कहा कि एकनाथ शिंदे की मांगें नहीं मानी जाएंगी। लोगों के हितों की रक्षा के लिए काम करने वाली सरकार देने के उद्देश्य से शिंदे ने भाजपा से हाथ मिलाया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी मांगों का सम्मान किया जाएगा। पहले बालासाहेब ठाकरे और अब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लिए भाजपा के मन में बहुत सम्मान है।’’
मंत्री ने कहा कि शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दोनों एक साथ बैठेंगे और लोकसभा चुनाव तथा विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर फैसला लेंगे।
वर्ष 2024 में अप्रैल/मई में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित है और इसके बाद उसी साल अक्टूबर/नवंबर में राज्य विधानसभा चुनाव होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2023 03:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

