भाजपा या आप में शामिल होने पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया: हार्दिक पटेल
कांग्रेस से इस्तीफा देने के एक दिन बाद पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने पर कोई निर्णय नहीं लिया है.
अहमदाबाद, 19 मई : कांग्रेस से इस्तीफा देने के एक दिन बाद पाटीदार नेता हार्दिक पटेल (Hardik Patel) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) या भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने पर कोई निर्णय नहीं लिया है. पटेल (28) ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस का कोई दृष्टिकोण नहीं है और पार्टी के नेता गुजराती लोगों से पक्षपात करते हैं.
गुजरात में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और पटेल ने बुधवार को यह कहते हुए कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं का ध्यान अपने मोबाइल फोन में लगा रहता है और गुजरात कांग्रेस के नेता उनके लिए चिकन सैंडविच का प्रबंध करने में लगे रहते हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या वह भारतीय जनता पार्टी या आप में शामिल हो सकते हैं, पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा, “मैंने अभी तक किसी राजनीतिक दल में शामिल होने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है चाहे वह भाजपा हो या आप.” यह भी पढ़ें : MP: बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा दूल्हा, लड़की प्रेमी के साथ हुई फरार, लोग इंतेजार ही करते रह गए
कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कभी हिंदुओं के मुद्दों, जैसे कि सीएए या वाराणसी की मस्जिद में मिले शिवलिंग आदि पर कुछ नहीं बोलती. पटेल ने कहा, “इसके अलावा गुजरात कांग्रेस में जातीय राजनीति बहुत ज्यादा होती है. मैंने पार्टी में तीन साल बर्बाद किये.” पटेल को जुलाई 2020 में गुजरात प्रदेश कांग्रेस का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था.
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2022 02:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

