नयी दिल्ली, 13 अगस्त हज के लिए इस साल भारत के कोटे में कोई बदलाव नहीं हुआ है और पिछली बार की तरह 2025 में भी 1.75 लाख भारतीय इस पाक सफर पर जा सकेंगे।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सऊदी अरब द्वारा भारत को हज-2025 के लिए 1,75,025 हजयात्रियों का कोटा आवंटित किया गया है।
पिछले साल भी इतने ही भारतीय नागरिकों ने हज किया था।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने भारतीय हज समिति के माध्यम से हज-2025 के लिए आवेदन की प्रक्रिया की शुरुआत की।
हज समिति की वेबसाइट और हज सुविधा ऐप के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पहली बार लोग हज सुविधा ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
लोगों की मदद के लिए सोशल मीडिया पर समर्पित चैनलों के साथ-साथ भारतीय हज समिति की एक हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत सरकार भारतीय हजयात्रियों के हज यात्रा अनुभव में और अधिक गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।
गत 19 जुलाई को अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू की अध्यक्षता में हज समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी और पांच अगस्त को हज नीति-2025 की घोषणा की गई थी।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY