जरुरी जानकारी | एनएमडीसी ने लौह अयस्क ‘लम्प’ दर में 250 रुपये प्रति टन, ‘फाइन’ में 350 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की एनएमडीसी ने मंगलवार को तत्काल प्रभाव से अयस्क के ‘लम्प’ (ढेला) की कीमतों में 250 रुपये प्रति टन और ‘फाइन’ (चूरा) की कीमतों में 350 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी की है।
नयी दिल्ली, 28 मई सार्वजनिक क्षेत्र की एनएमडीसी ने मंगलवार को तत्काल प्रभाव से अयस्क के ‘लम्प’ (ढेला) की कीमतों में 250 रुपये प्रति टन और ‘फाइन’ (चूरा) की कीमतों में 350 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी की है।
एनएमडीसी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने ‘लम्प’ अयस्क की कीमत को संशोधित कर 6,450 रुपये प्रति टन और ‘फाइन’ की कीमत 5,610 रुपये प्रति टन कर दी है।
‘लम्प’ अयस्क या उच्च श्रेणी के लौह अयस्क में 65.5 प्रतिशत एफई (लौह) होता है, जबकि ‘फाइन’ अयस्क 64 प्रतिशत और उससे कम एफई के साथ निम्न श्रेणी का अयस्क होता है।
कंपनी के अनुसार, कीमतें 28 मई से प्रभावी हैं। इसमें रॉयल्टी तथा जिला खनिज निधि (डीएमएफ), राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट (डीएमईटी) में योगदान शामिल है। इसमें उपकर, वन परमिट शुल्क और अन्य कर शामिल नहीं हैं।
यह घोषणा कंपनी के अपने तिमाही परिणाम की घोषणा के एक दिन बाद आई है। बढ़े हुए खर्चों के कारण जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,415.62 करोड़ रुपये रहा।
मूल्य संशोधन आखिरी बार 29 अप्रैल को किया गया था, जब एनएमडीसी ने ‘लम्प’ की दर 6,200 रुपये प्रति टन और ‘फाइन’ की दर 5,260 रुपये प्रति टन तय की थी।
हैदराबाद स्थित एनएमडीसी भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क खनन कंपनी है जो देश में इस्पात बनाने वाले कच्चे माल की करीब 20 प्रतिशत मांग को पूरा करती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)