देश की खबरें | नीतीश ने 102 एंबुलेंस सेवा के तहत 501 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को 102 एंबुलेंस सेवा के तहत 501 उन्नत जीवन रक्षक एंबुलेंस एवं सामान्य जीवन रक्षक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।

पटना, सात जुलाई बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को 102 एंबुलेंस सेवा के तहत 501 उन्नत जीवन रक्षक एंबुलेंस एवं सामान्य जीवन रक्षक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।

मुख्यमंत्री ने एंबुलेंस को रवाना करने के पूर्व उसके अंदर की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

उन्होंने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 1000 एम्बुलेंस खरीदे गये जिसमें से 501 एंबुलेंस को सभी जिलों के लिए रवाना किया गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हमने पुराने सभी सरकारी 652 एम्बुलेंस को बदलकर उनके स्थान पर 1000 नये एम्बुलेंस खरीदने का निर्णय लिया था।

कुमार ने कहा कि इसमें से 534 उन्नत जीवन रक्षक एंबुलेंस प्रत्येक प्रखण्ड के लिये है। उनके अनुसार इस एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सुविधा के साथ-साथ वेंटिलेटर, डिफिब्रीलेटर सह कॉर्डियक मॉनिटर, सेन्ट्रल वेन कैथेटर्स आदि की सुविधा उपलब्ध होती है और इस प्रकार का एंबुलेंस चलंत गहन चिकित्सा कक्ष की तरह कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि शेष 466 सामान्य जीवन रक्षक एंबुलेंस का उपयोग सामान्य रोगियों के परिवहन में किया जाएगा और उनमें भी ऑक्सीजन सुविधा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन एम्बुलेंसों के परिचालन से आपातकालीन स्वास्थ्य परिवहन सेवा में गुणात्मक सुधार होगा तथा आम लोगों को इसका काफी लाभ प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्रों के मरीजों को समय सीमा के अंदर आपातकालीन स्वास्थ्य परिवहन सेवा उपलब्ध होने से काफी सहूलियत होगी। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती माताओं, बीमार शिशुओं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों एवं दुर्घटनाग्रस्त मरीजों की इससे तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

अनवर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\