नेपाल में कोविड-19 के नौ नए मामले सामने आए, संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 258

काठमांडू, 15 मई नेपाल में शुक्रवार को कोविड-19 के नौ मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 258 हो गई है। नए मामलों में से अधिकांश भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित एक जिले के हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए नेपाल में लॉकडाउन लागू है और वर्तमान में यह उन देशों में शामिल है जहां कोविड-19 के सबसे कम मामले सामने आए हैं और इस बीमारी से एक भी मौत नहीं हुई है।

नेपाल के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय में संयुक्त प्रवक्ता डॉ समीर कुमार अधिकारी ने कहा, “शुक्रवार को नेपाल में नौ लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमण का शिकार हुए लोगों की संख्या बढ़कर 258 हो गई है।”

उन्होंने कहा कि मकवानपुर के 37 वर्षीय एक व्यक्ति और बांके जिले के नैनपुर गांव के आठ पुरुषों में कोविड-19 की पुष्टि हुई।

उन्होंने कहा कि भारत नेपाल सीमा पर स्थित बांके जिले के संक्रमित हुए आठ लोग लॉकडाउन के बावजूद तीन दिन पहले भारत से घर वापस आए थे।

कोविड-19 के मरीजों में वृद्धि को देखते हुए नेपाल सरकार ने भारत से लगने वाली देश की दक्षिणी सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी है।

अभी तक नेपाल में कोविड-19 से ग्रसित 36 लोग ठीक हो चुके हैं और 222 मरीजों का उपचार चल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)