एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | एक इनामी नक्सली समेत नौ माओवादी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली समेत नौ माओवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | एक इनामी नक्सली समेत नौ माओवादी गिरफ्तार

बीजापुर, 21 जून छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली समेत नौ माओवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बासागुड़ा, उसूर और तर्रेम थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई कर सुरक्षा बलों ने नौ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि बासागुड़ा थाना क्षेत्र में आज केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था जिस दौरान सुरक्षा बलों ने पुसबाका गांव के जंगल से पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में से उसूर एलओएस के सदस्य राजू ओयाम (29) के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम है।

उन्होंने बताया कि जिले में उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था तथा दल जब टेकमेटला गांव के करीब था तब सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षा बलों को तर्रेम थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेद्दागेलुर और गोरगुंडा गांव की ओर रवाना किया गया था तथा दल जब पेद्दागेलुर में था तब सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला करने, बारूदी सुरंग बिछाने, सड़क काटने समेत कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2024 09:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).