देश की खबरें | गुजरात में दो अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के देवभूमि द्वारका और सूरत जिलों में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच महिलाओं और दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद, छह मई गुजरात के देवभूमि द्वारका और सूरत जिलों में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच महिलाओं और दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, सूरत जिले में बारडोली कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार के डम्पर ट्रक से टकरा जाने से तीन महिलाओं और दो बच्चों सहित एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई।
बारडोली पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई, जब परिवार के छह सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होकर सूरत जिले के मांडवी स्थित अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ सड़क की विपरीत दिशा से आ रहे डम्पर ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ’’
वहीं, दूसरी घटना में गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के भंवाद शहर के पास शनिवार को एक तिपहिया वाहन के पुल से नीचे गिर जाने से तीन यात्रियों की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए।
भंवाद पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में दो महिला यात्रियों और तिपहिया वाहन के चालक की मौत हो गई और आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि ‘चकदा’ वाहन अनियंत्रित होने के कारण पुल की रेलिंग तोड़कर सूखी नदी में 20 फुट नीचे जा गिरा।
पुलिस के अधिकारी ने बताया कि हादसा पूर्वाह्न करीब 11 बजे रूपमोरा गांव के पास एक राज्य राजमार्ग पर उस वक्त हुआ, जब वाहन जामजोधपुर शहर से खंभालिया की ओर जा रहा था। ‘चकदा’ एक तिपहिया वाहन है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों और माल की ढुलाई के लिए किया जाता है।
उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों को जामनगर और खंभालिया के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने बताया कि दोनों मृत महिलाएं अहमदाबाद की रहने वाली थीं और जामजोधपुर के धराफा गांव में एक धार्मिक समारोह में शामिल होने गई थीं। जब वे लौट रही थीं, तभी हादसा हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)