देश की खबरें | एनआईए ने आईएसआईएस षड्यंत्र मामले में महाराष्ट्र में कई जगहों पर छापे मारे, एक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिमी घाट क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की वैश्विक आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की साजिश से संबंधित एक मामले में महाराष्ट्र में कई जगहों पर छापों के बाद बृहस्पतिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नयी दिल्ली, 15 फरवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिमी घाट क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की वैश्विक आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की साजिश से संबंधित एक मामले में महाराष्ट्र में कई जगहों पर छापों के बाद बृहस्पतिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) में नौ जगहों पर अनेक संदिग्धों के आवासों पर छापों के दौरान मोहम्मद जोहेब खान को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान मामले से संबंधित अनेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।
प्रवक्ता ने कहा कि खान के खिलाफ मामला एनआईए मुंबई द्वारा इस जानकारी के आधार पर दर्ज किया गया था कि उसने और उसके साथियों ने आईएसआईएस खलीफा के लिए काम करने की 'बयथ' (शपथ) ली थी और वे भोले-भाले युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से और सोशल मीडिया दोनों जगहों पर कट्टरपंथी बनाने तथा वैश्विक आतंकवादी समूह में शामिल करने एवं उसकी हिंसक विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए भर्ती करने में शामिल थे।
एनआईए के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी और अन्य संदिग्ध भारत तथा विदेश, दोनों जगह आतंकी नेटवर्क की गतिविधियों को और बढ़ावा देने के मकसद से अपने विदेशी आकाओं के साथ लगातार संपर्क में थे।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वे जिहाद और सीरिया में हिजरा (प्रवास) से संबंधित सामग्रियों के साथ-साथ 'बयथ' के आपत्तिजनक वीडियो साझा कर रहे थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)