देश की खबरें | एनआईए ने नक्सली संगठन पीएलएफआई के सदस्य को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड और असम में छापेमारी के बाद नक्सली संगठन 'पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया' के एक सशस्त्र सदस्य को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
नयी दिल्ली, 11 अप्रैल राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड और असम में छापेमारी के बाद नक्सली संगठन 'पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया' के एक सशस्त्र सदस्य को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
इसमें कहा गया कि एनआईए ने स्थानीय पुलिस की मदद से बुधवार को झारखंड और असम में दो-दो स्थानों पर छापेमारी की और तलाशी ली।
एनआईए के बयान के मुताबिक छापेमारी के दौरान झारखंड के खूंटी जिले से बिनोद मुंडा उर्फ सुक्खवा को गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी नक्सली समूह पीएलएफआई का सशस्त्र सदस्य है और वह झारखंड में पीएलएफआई से जुड़े चार मामलों में वांछित था।
एनआईए की जांच के अनुसार, नक्सली गतिविधियों को दोबारा शुरू करने के प्रयासों के तहत पीएलएफआई सदस्य और कैडर झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कोयला व्यापारियों, ट्रांसपोर्टर, रेलवे ठेकेदारों और कारोबारियों से जबरन वसूली में शामिल हैं।
जांच एजेंसी की टीम ने तलाशी के दौरान दो वॉकी-टॉकी, पांच मोबाइल फोन, सिम कार्ड और 11,000 रुपये नकद, पीएलएफआई से संबंधित दस्तावेजों सहित कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से तीन लाख रुपये नकद, हथियार और गोला-बारूद बरामद किये गये थे।
एनआईए द्वारा पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद संगठन की गतिविधियां दोबारा शुरू करने के प्रयासों के लिये मार्टिन केरकट्टा और अन्य सदस्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 11 अक्टूबर, 2023 को मामला दर्ज किया गया था।
बिनोद मुंडा को पीएलएफआई की गतिविधियां दोबारा शुरू करने के प्रयासों के मामले में गिरफ्तार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)