देश की खबरें | एनएचआरसी ने केरल सरकार को नोटिस जारी कर ‘नरबलि’ की घटना पर रिपोर्ट मांगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने केरल सरकार को नोटिस जारी कर राज्य में ‘नरबलि’ की घटना के संबंध में उठाए गए कदमों पर रिपोर्ट मांगी है।

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने केरल सरकार को नोटिस जारी कर राज्य में ‘नरबलि’ की घटना के संबंध में उठाए गए कदमों पर रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने कहा कि उसने मीडिया में आई इन खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है कि एक तांत्रिक ने एक दंपती की आर्थिक तंगी दूर करने के लिए दो महिलाओं की कथित तौर पर नरबलि दे दी। दोनों महिलाओं के परिजनों ने पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी थी।

आयोग ने कहा कि सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं की उम्मीद नहीं की जा सकती है, जहां कानून के डर के बिना अनुष्ठान के नाम पर किसी मनुष्य की हत्या कर दी जाती है। आयोग ने कहा कि दोनों महिलाओं के जीवन के अधिकार का गंभीर उल्लंघन किया गया है।

आयोग ने कहा, ‘‘राज्य, अपने नागरिकों का संरक्षक होने के नाते, उनकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है और उन्हें इस तरह की कुप्रथाओं से बचाने के अपने दायित्व से इनकार नहीं कर सकता है।’’

आयोग ने केरल के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर इस मामले में चार सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है, जिसमें जांच की स्थिति और मृतका के परिवारों को मुआवजा के संबंध में बताने को कहा गया है।

मीडिया की खबरों के अनुसार, पुलिस को सूचना दी गई थी कि दोनों महिलाओं (मृतका) में से एक 6 जून को लापता हो गई थी, जबकि दूसरी महिला 26 सितंबर को लापता हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now