देश की खबरें | एनएचएआई रिश्वत रैकेट: दो और अधिकारी गिरफ्तार, दो करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी रैकेट के भंडाफोड़ से संबंधित मामले में मध्य प्रदेश में कार्यरत एक उप महाप्रबंधक समेत एनएचएआई के दो और अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
नयी दिल्ली, चार मार्च केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी रैकेट के भंडाफोड़ से संबंधित मामले में मध्य प्रदेश में कार्यरत एक उप महाप्रबंधक समेत एनएचएआई के दो और अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
भोपाल में परियोजना निदेशक का प्रभार संभाल रहे उप महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार गुप्ता और विदिशा में परियोजना निदेशक के रूप में कार्यरत हेमंत कुमार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों और भोपाल स्थित बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े रिश्वतखोरी रैकेट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
सीबीआई ने रविवार को रिश्वतखोरी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए नागपुर में तैनात एनएचएआई के महाप्रबंधक और परियोजना निदेशक अरविंद काले और मध्य प्रदेश के हरदा में तैनात उप महाप्रबंधक ब्रिजेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया था। काले ने कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत ली थी।
अधिकारियों ने कहा कि विदिशा और डिंडोरी में छापेमारी के बाद कुल बरामदगी बढ़कर दो करोड़ रुपये से अधिक हो गई है और इसमें अभियान के दौरान जब्त किए गए आभूषण और नकदी भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को भोपाल की एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें नौ मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि कंपनी के दो निदेशकों - अनिल बंसल और कुणाल बंसल - और चार कर्मचारियों को भी अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2024 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

