देश की खबरें | राजस्थान के नवनियुक्त राज्यपाल बागडे जयपुर पहुंचे, कल शपथ लेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के नवनियुक्त राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मंगलवार दोपहर राजकीय विमान से जयपुर पहुंचे। वह बुधवार को शपथ लेंगे।

जयपुर, 30 जुलाई राजस्थान के नवनियुक्त राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मंगलवार दोपहर राजकीय विमान से जयपुर पहुंचे। वह बुधवार को शपथ लेंगे।

हवाईअड्डे पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा एवं अन्य मंत्रियों, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यू आर साहू सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी उनकी अगवानी की।

मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों का नवनियुक्त राज्यपाल बागडे से परिचय कराया। हवाई अड्डे पर आरएसी की बटालियन ने नवनियुक्त राज्यपाल को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया । बागडे ने परेड की सलामी ली और सम्मान गारद का निरीक्षण किया।

नवनियुक्त राज्यपाल बागडे का राजभवन पहुंचने पर स्वागत किया गया। उन्हें राजभवन में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल के सचिव गौरव गोयल ने पुष्प गुच्छ भेंट कर बागडे की अगवानी की।

बागडे ने राजभवन पहुंचने के बाद सबसे पहले भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने राजभवन स्थित राज राजेश्वर मंदिर में जलार्पण कर तथा बिल्व पत्र और प्रसाद अर्पण कर सबके मंगल की कामना की।

बागडे ने राजभवन पहुंचने के बाद राज्यपाल कलराज मिश्र से भी मुलाकात की।

राजभवन के बयान के अनुसार राजस्थान के नवनियुक्त राज्यपाल बागडे बुधवार को राजभवन में शाम चार बजे आयोजित समारोह में शपथ ग्रहण करेंगे। मुख्य न्यायाधीश मनिन्द्र मोहन श्रीवास्तव नवनियुक्त राज्यपाल को शपथ दिलावाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now