विदेश की खबरें | न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल ने सरोद वादक अमान और अयान अली बंगश के साथ साझेदारी की घोषणा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल (एनवाईआईएफएफ) ने सरोद वादक अमान अली बंगश और अयान अली बंगश के साथ एक अनोखी संगीत साझेदारी की घोषणा की है। दोनों कलाकारों ने महोत्सव के प्रचार के लिए मौलिक संगीत तैयार किया है।
न्यूयॉर्क, 10 जून न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल (एनवाईआईएफएफ) ने सरोद वादक अमान अली बंगश और अयान अली बंगश के साथ एक अनोखी संगीत साझेदारी की घोषणा की है। दोनों कलाकारों ने महोत्सव के प्रचार के लिए मौलिक संगीत तैयार किया है।
भारतीय स्वतंत्र सिनेमा को समर्पित और सबसे लंबे समय से आयोजित किए जा रहे इस प्रतिष्ठित अमेरिकी फिल्म महोत्सव का 20 जून से 22 जून तक यहां आयोजन होगा। महोत्सव का यह 25वां संस्करण होगा।
महोत्सव में भारतीय उपमहाद्वीप और इसके वैश्विक प्रवासियों के नए स्वरों, प्रसिद्ध लेखकों और ज्वलंत मुद्दों पर प्रकाश डाला जाएगा।
महोत्सव ने अपने आयोजन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर महान सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान के बेटों के साथ संगीत सहयोग की घोषणा की।
दोनों भाइयों ने कहा, ‘‘हम चाहते थे कि संगीत से हर कोई जुड़े और इसका फलक विस्तृत हो तथा यह भारतीय स्वतंत्र सिनेमा का प्रतिबिंब हो। जिस तरह एनवाईआईएफएफ ने 25 वर्ष तक साहसिक आवाजों का समर्थन किया है, उसी तरह हमें उम्मीद थी कि हमारा संगीत सीमाओं को आगे बढ़कर परंपरा का सम्मान करते हुए उत्सव की क्षमता को प्रतिबिंबित कर सके। इसका संगीत शास्त्रीय धुन से प्रेरित है तथा यह इस क्षण को बयां करने के लिए लय और ऊर्जा से भरपूर है।’’
महोत्सव ने एक बयान में कहा, ‘‘अमान अली बंगश और अयान अली बंगश एनवाईआईएफएफ में संगीत की परंपरा और उसकी समकालीन खुशबू लेकर आए हैं, जो भारतीय सिनेमा के भावनात्मक हृदय और सांस्कृतिक गहराई को दर्शाता है।’’
एनवाईआईएफएफ 2025 की सूची में 22 ‘फीचर-लेंथ’ फिल्में शामिल हैं जिसमें 18 कथात्मक और चार वृत्तचित्र हैं। महोत्सव में 21 लघु कथात्मक और वृत्तचित्र फिल्में भी शामिल हैं।
एनवाईआईएफएफ 2025 के तहत अनुपम खेर द्वारा निर्देशित ‘तन्वी द ग्रेट’ का उत्तरी अमेरिका में भव्य प्रीमियर होगा। फिन्म का कान फिल्म समारोह में प्रीमियर हुआ था।
इस महोत्सव में दिग्गज भारतीय फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल की विरासत का सम्मान किया जाएगा। महोत्सव में मनोज बाजपेयी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, जेम्स आइवरी और रसिका दुगल जैसे प्रसिद्ध कलाकारों की विविध सिनेमाई कृतियों का प्रदर्शन होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)