लॉकडाउन के बाद हैदराबाद हवाई अड्डे पर परिचालन शुरू होने की स्थिति में नये कदम उठाए जाएंगे
हवाई अड्डे के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सभी यात्रियों को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने से पहले वेबसाइट आधारित चेक-इन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा जबकि बाकी लोग सीयूएसएस (स्व इस्तेमाल आम सेवा) कियोस्क का इस्तेमाल टर्मिनल इमारत में प्रवेश करने से पहले कर सकते हैं।
हैदराबाद, पांच मई कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉगू लॉकडाउन के बाद विमानों का परिचालन शुरू होने की स्थिति में हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत टर्मिनल में बिना संपर्क प्रवेश और सामाजिक दूरी बनाए रखने की व्यवस्था प्रमुख है।
हवाई अड्डे के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सभी यात्रियों को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने से पहले वेबसाइट आधारित चेक-इन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा जबकि बाकी लोग सीयूएसएस (स्व इस्तेमाल आम सेवा) कियोस्क का इस्तेमाल टर्मिनल इमारत में प्रवेश करने से पहले कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बिना संपर्क में आए इस्तेमाल के विकल्प के साथ टर्मिनल इमारत के सामने सीयूएसएस मशीनों की संख्या बढ़ाकर 19 की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि बिना संपर्क में आए टर्मिनल में प्रवेश की व्यवस्था यात्रियों और सीआईएसएफ जवानों के बीच किसी भी तरह के संपर्क से बचने के लिए की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ के जवान स्वचालित थर्मल कैमरे के जरिये सभी टर्मिनल के प्रवेश द्वार पर सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए यात्रियों के शरीर का तापमान लेंगे।
सूत्रों ने बताया कि टर्मिनल में प्रवेश करने के सभी रास्तों पर स्वचालित सेनेटाइजर मशीन लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया, ‘‘यात्रियों के सामान पर रासायनिक कीटाणुनाशक का छिड़काव किया जाएगा जो यात्री तक पहुंचने से पहले सूख जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यात्री का सामान उस तक पहुंचने से पहले पूरी तरह से संक्रमण मुक्त हो।’’
जीएमआर हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसजीके किशोर ने कहा कि पूरा हैदराबाद हवाई अड्डा परिवार सरकार की अनुमति से विमानों का परिचालन शुरू होने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहा है। इसमें सभी हितधारक शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘हवाई अड्डा उच्च स्तर की साफ-सफाई और नये परिचालन प्रक्रिया की तैयारी कर रहा है लेकिन हवाई अड्डे को सुरक्षित रखने में यात्रियों की भूमिका भी बराबर महत्वपूर्ण है। हम सभी यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे अपना सहयोग और समर्थन दें। मास्क पहनें और शरीर के तापमान की जांच एवं सामजिक दूरी का अनुपालन करें।’’
सूत्रों के मुताबिक, यात्रियों को स्व घोषणापत्र भरना होगा जिसमें पहले की गई यात्रा की जानकारी, स्वास्थ्य की स्थिति और संपर्क का ब्यौरा मांगा जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 04:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

