जरुरी जानकारी | लक्जरी घरों की कीमतों में वृद्धि के मामले में दुनिया के 44 शहरों में नई दिल्ली छठे स्थान पर: रिपोर्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. लक्जरी मकानों की कीमतों में बढ़ोतरी के मामले में नई दिल्ली दुनिया के 44 शहरों में छठे स्थान पर है। राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में लक्जरी घरों की कीमतों में औसतन 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
नयी दिल्ली, 10 फरवरी लक्जरी मकानों की कीमतों में बढ़ोतरी के मामले में नई दिल्ली दुनिया के 44 शहरों में छठे स्थान पर है। राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में लक्जरी घरों की कीमतों में औसतन 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रियल एस्टेट सलाहकार नाइट फ्रैंक ने सोमवार को अपनी ‘प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स चाथी तिमाही 2024’ रिपोर्ट जारी की। यह एक मूल्यांकन-आधारित सूचकांक है जो दुनियाभर के 44 शहरों में लक्जरी आवासीय कीमतों पर नजर रखता है।
रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर-दिसंबर, 2024 में औसत कीमतों में 18.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सियोल (दक्षिण कोरिया) पहले स्थान पर है। उसके बाद 17.9 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर मनीला (फिलिपीन), तीसरे स्थान पर 16.9 प्रतिशत के साथ दुबई, चौथे स्थान पर 12.7 प्रतिशत के साथ तोक्यो (जापान) और फिर पांचवे स्थान पर 8.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ नैरोबी (केन्या) रहा।
इसमें कहा गया, ‘‘ पिछले 12 महीनों में नई दिल्ली में कीमतों में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो मुख्य रूप से मजबूत आर्थिक माहौल की पृष्ठभूमि में जीवनशैली में सुधार की चाहत रखने वाले घर खरीदारों के दम पर दर्ज की गई।’’
राष्ट्रीय राजधानी अक्टूबर-दिसंबर, 2023 में इस सूची में 16वें स्थान पर रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई लक्जरी आवासीय कीमतों में सालाना आधार पर 6.1 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि के साथ सूची में सातवें स्थान पर और बेंगलुरु 4.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 13वें स्थान पर रहा।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘ कीमतों में मजबूत वृद्धि भारत के बाजारों में इस आवासीय खंड में मांग में वृद्धि को दर्शाती है।’’
उन्होंने कहा कि देश के स्थिर आर्थिक परिदृश्य और सकारात्मक बाजार भावना से प्रेरित होकर मकान खरीदार जीवनशैली में सुधार को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसलिए निकट भविष्य में इस क्षेत्र में कीमतों में तेजी जारी रहने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)