बंबई उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश ने पद की शपथ ली
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई।
मुंबई, 28 अप्रैल न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई।
कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उच्च न्यायालय के कुछ न्यायाधीश समेत सीमित लोग ही समारोह में उपस्थित थे ।
दत्ता ने भूषण धर्माधिकारी की जगह ली है, जो सोमवार को मुख्य न्यायाधीश के रूप में सेवानिवृत्त हो गए ।
राजभवन की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि न्यायमूर्ति दत्ता का जन्म नौ फरवरी 1965 को हुआ था। उन्होंने 16 नवंबर 1989 को वकालत के लिए पंजीकरण कराया ।
वह 22 जून 2006 को कलकत्ता उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश नियुक्त हुए ।
वह कलकत्ता उच्च न्यायालय, गौहाटी उच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में भी वकालत कर चुके हैं ।
वह केंद्र सरकार के वकील के तौर पर भी काम कर चुके हैं और पश्चिम बंगाल विश्वविद्यालय और पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग के प्रभारी वकील पद पर भी रह चुके हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 07:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

