बरेली (उप्र), 15 अक्टूबर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के एक मंत्री के भतीजे अमित सक्सेना को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
पुलिस ने यहां होमगार्ड के जवान पर हमला करने के एक पुराने मामले में भी उसके (अमित सक्सेना) खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।
जिला शासकीय अधिवक्ता सुमिति पाठक ने शनिवार को बताया कि अमित सक्सेना को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अमित सक्सेना उप्र सरकार के वन राज्य मंत्री अरुण कुमार सक्सेना का भतीजा है जिसने खाना देने से इंकार करने पर कथित तौर पर एक रेस्तरां मालिक पर हमला किया।
यह घटना मंगलवार को हुई और बुधवार को इस घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने के बाद सामने आई।
पाठक ने बताया, “घटना के संबंध में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी और इसमें धारा 307 (हत्या का प्रयास) जोड़ा गया था। प्राथमिकी के आधार पर सक्सेना को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।’’
इस बीच इज्जतनगर पुलिस ने अमित सक्सेना के खिलाफ ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को धमकाने और मारपीट करने के एक पुराने मामले में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) तेजवीर सिंह ने बताया, ''अमित सक्सेना और एक अन्य व्यक्ति पर होमगार्ड के जवान को पीटने और धमकी देने का आरोप है।’’
उन्होंने बताया कि यह घटना पांच और छह जून की दरम्यानी रात की है। पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ आरोप सही पाए गए और हमने मामले को लेकर अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY