देश की खबरें | नीट परीक्षा विवाद: ‘आप’ की युवा इकाई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) की युवा इकाई ने बुधवार को यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और कथित अनियमितताओं को लेकर इस साल की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को रद्द करने की मांग की।

नयी दिल्ली, 10 जून आम आदमी पार्टी (आप) की युवा इकाई ने बुधवार को यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और कथित अनियमितताओं को लेकर इस साल की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को रद्द करने की मांग की।

आप की युवा इकाई ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रधान से मिलने से रोका और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनपर लाठीचार्ज किया गया।

हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ 5 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 24 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था। परीक्षा परिणाम 4 जून को घोषित किये गए थे।

बिहार जैसे राज्यों में प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षा में अन्य अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। इन आरोपों के कारण कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं और कई उच्च न्यायालयों के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय में भी याचिकाएं दायर की गई हैं।

‘आप’ विधायक संजीव झा के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नैतिक आधार पर मंत्री के इस्तीफे की मांग की और सभी छात्रों को समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए पुन:परीक्षा आयोजित करने की अपील की।

झा ने कहा, ‘‘नीट परीक्षा में धांधली से हजारों छात्र प्रभावित हुए हैं, जिसके कारण परीक्षा रद्द करने और सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली समिति से गहन जांच कराने की मांग की जा रही है।’’

प्रदर्शनकारियों ने ‘‘शिक्षा मंत्री शर्म करो’’ और ‘‘शिक्षा का व्यावसायीकरण बंद करो’’ नारे भी लगाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\