खेल की खबरें | भारतीय नौसेना के नीरज ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल और ऐश्वर्य को पछाड़कर स्वर्ण जीता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय नौसेना के निशानेबाज नीरज कुमार ने बृहस्पतिवार को यहां पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले को पछाड़कर राष्ट्रीय खेलों की पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स का स्वर्ण पदक जीता।

देहरादून, छह फरवरी भारतीय नौसेना के निशानेबाज नीरज कुमार ने बृहस्पतिवार को यहां पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले को पछाड़कर राष्ट्रीय खेलों की पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स का स्वर्ण पदक जीता।

सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) के 25 साल के नीरज ने 464.1 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

मध्यप्रदेश के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 462.4 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि महाराष्ट्र के स्वप्निल 447.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। स्वप्निल पेरिस में इतिहास रचते हुए कांस्य पदक के साथ इस स्पर्धा में ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।

इस बीच 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में हरियाणा की सुरुचि सिंह और प्रमोद ने राजस्थान की अंजलि शेखावत और उमेश चौधरी को 17-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

राही सरनोबत और प्रणव अरविंद पाटिल की महाराष्ट्र की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया जिन्होंने अभिनव देशवाल और यशस्वी जोशी की उत्तराखंड की जोड़ी को 17-3 से हराया।

इन दो स्पर्धाओं के साथ मौजूदा खेलों में निशानेबाजी स्पर्धओं का समापन हो गया।

मिश्रित स्पर्धा के क्वालीफिकेशन में 19 जोड़ियों ने पदक दौर में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा पेश की।

विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप और एशियाई चैंपियनशिप के पदक विजेता नीरज ने थ्री पोजीशंस फाइनल में लगातार बढ़त बनाए रखी और खिताब जीता।

नीरज ने पेरिस ओलंपिक के चयन ट्रायल में भी स्वप्निल और ऐश्वर्य जैसे निशानेबाजों को पछाड़ा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\