देश की खबरें | केरल की अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली के पुनर्मूल्यांकन की आवश्यकता : रिपोर्ट

तिरुवनंतपुरम, 21 फरवरी एक विकेंद्रीकृत अपशिष्ट प्रबंधन तंत्र होने के बावजूद केरल की अपशिष्ट चिंताएं अपर्याप्त बुनियादी ढांचे, मौजूदा सुविधाओं की कमी और प्रदूषण की निगरानी में कमी के कारण समाधान से दूर हैं। दो पर्यावरण विशेषज्ञों द्वारा शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह कहा गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी राज्य को तत्काल अपने अपशिष्ट प्रबंधन के तरीकों का पुनर्मूल्यांकन करने की आवश्यकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि केरल के तेजी से हो रहे शहरीकरण के आलोक में पुनर्मूल्यांकन महत्वपूर्ण है।

इसमें कहा गया है कि दो मार्च, 2023 को कोच्चि के ब्रह्मपुरम में कचरा स्थल में आग लगने से लगभग आठ लाख टन कचरा जल गया था, जिसके परिणामस्वरूप शहर में 12 दिनों तक धुआं भरा रहा।

दावा किया गया है, "वैज्ञानिक विश्लेषण ने प्रदूषकों के खतरनाक स्तरों का संकेत दिया। फिर भी, मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर रसायनों के प्रभाव पर कोई व्यापक अध्ययन अब तक नहीं किया गया है"।

रिपोर्ट में कहा गया है कि केरल की अपशिष्ट प्रबंधन नीति एक स्वस्थ, संसाधन-कुशल समाज पर जोर देती है जो अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मजबूत प्रतिबद्धता के साथ कचरे को कम करने, पुन: उपयोग करने और पुनर्चक्रण करने पर केंद्रित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)