देश की खबरें | बिहार में प्रधानमंत्री की रैली में राजग ने एकजुटता का प्रदर्शन किया

जमुई, चार अप्रैल बिहार के जमुई संसदीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के नेताओं ने पहुंचकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

राजग के घटक दलों के बीच हुए सीट बंटवारे के तहत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अरुण भारती के पक्ष में आयोजित प्रधानमंत्री की इस रैली के दौरान मुख्यमंत्री और जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष नीतीश कुमार भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर मौजूद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने संबोधन के दौरान लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद अपनी पहली रैली के लिए उस सीट को चुनने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया जिस पर उनकी पार्टी का उम्मीदवार लड़ रहा है।

रैली में भाजपा के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा भी उपस्थित थे।

बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चिराग ने लिखा, ‘‘जमुई लोकसभा क्षेत्र से राजग प्रत्याशी अरुण भारती जी के पक्ष में आयोजित विशाल जनसभा में शामिल होने के लिए मैं बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चैधरी जी, विजय कुमार सिन्हा जी, मंत्रीगण विजय चौधरी जी, सुमित कुमार सिंह जी और मंगल पांडेय जी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा जी और अन्य विधायकों का आभार प्रकट करता हूं। आप सबके सहयोग से जमुई लोकसभा क्षेत्र से राजग प्रत्याशी अरुण भारती जी की जीत सुनिश्चित है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)