देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चंडीगढ़ में राजग मुख्यमंत्री परिषद का सम्मेलन शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की मुख्यमंत्री परिषद का सम्मेलन बृहस्पतिवार की शाम को यहां शुरू हुआ।

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की मुख्यमंत्री परिषद का सम्मेलन बृहस्पतिवार की शाम को यहां शुरू हुआ।

यह बैठक हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव संपन्न होने के कुछ ही दिन बाद हो रही है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी अगुवाई वाले राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री विकास के मुद्दों, संविधान के ‘अमृत महोत्सव’ और लोकतंत्र की ‘हत्या के प्रयास’ (1975 में लगाए गए आपातकाल के संदर्भ में) की 50वीं वर्षगांठ पर विचार-विमर्श के लिए सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, दोनों उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा अजित पवार, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद यह सम्मेलन शुरू हुआ। सैनी ने दूसरी बार हरियाणा की कमान संभाली है।

भाजपा ने बुधवार को एक बयान में कहा कि 13 मुख्यमंत्री और 16 उप मुख्यमंत्री उसके हैं और महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, बिहार, सिक्किम, नगालैंड तथा मेघालय के मुख्यमंत्री उसके सहयोगी दलों के हैं।

यह पिछले कुछ साल में राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का इस तरह का पहला सम्मेलन होगा। भाजपा और उसके सहयोगी दल अगले महीने महाराष्ट्र और झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन से मुकाबला करने के लिए तैयारी में लगे हैं।

सम्मेलन में सैनी के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, नगालैंड के मुख्यमंत्री नीफियू रियो, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी तथा अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू शामिल हो रहे हैं।

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, मणिपुर के मुख्यमंत्री ए बीरेन सिंह, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग तथा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा भी सम्मेलन में शिरकत कर रहे हैं।

बयान के अनुसार, ‘‘इस बैठक में विचार-विमर्श का एक निश्चित एजेंडा होगा जिसमें राष्ट्रीय विकास के मुद्दे शामिल होंगे। इसमें संविधान का अमृत महोत्सव मनाने और लोकतंत्र की हत्या के प्रयास की 50वीं वर्षगांठ जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।’’

बयान में कहा गया है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू और नगालैंड के मुख्यमंत्री रियो चर्चा की शुरुआत करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\