एजेंसी न्यूज

Nayab Singh Saini Oath Ceremony: नायब सैनी लेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी एवं शाह भी होंगे कार्यक्रम में शामिल

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के नेता नायब सिंह सैनी आज यानी बृहस्पतिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य दलों के नेता भी शामिल होंगे.

Nayab Singh Saini Oath Ceremony: नायब सैनी लेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी एवं शाह भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
Nayab Singh Saini | Photo- ANI

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर : अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के नेता नायब सिंह सैनी आज यानी बृहस्पतिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य दलों के नेता भी शामिल होंगे. शपथ ग्रहण समारोह के लिए भाजपा द्वारा आज का दिन चुना जाना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस दिन वाल्मीकि जयंती है. ऋषि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और दलितों के बीच विशेष रूप से पूजनीय हैं. हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे.

इस दौरान सैनी के मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलाए जाने की संभावना है. हरियाणा में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं. पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और राजीव रंजन सिंह समारोह में शामिल होने पहुंच गए हैं. भाजपा शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं. समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की नयी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तीव्र गति से आगे ले जाने की दिशा में काम करेगी. सैनी ने विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों में विश्वास दिखाया है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र को पूरी तरह लागू किया जाएगा. यह भी पढ़ें : भारत की लॉजिस्टिक लागत दो साल में घटकर एकल अंक में आएगी: गडकरी

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे 2014 के संकल्प पत्र और 2019 के संकल्प पत्र को देखें, हमने उन्हें पूरी तरह से लागू किया और अब हमारी सरकार इस संकल्प पत्र को भी लागू करेगी.’’ हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया. वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की. सैनी (54) ने बुधवार को दत्तात्रेय से मुलाकात की थी. उन्होंने पंचकूला में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया. हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने के साथ-साथ सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2024 01:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).