देश की खबरें | नक्सलियों ने ग्रामीणों को पीटा, 10 ग्रामीण घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने विकास कार्यों में हिस्सा लेने तथा सहयोग करने को लेकर ग्रामीणों की कथित तौर पर पिटाई की। पुलिस ने बताया कि इसमें महिलाओं और बच्चों समेत 10 ग्रामीण घायल हो गए।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, 20 अगस्त छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने विकास कार्यों में हिस्सा लेने तथा सहयोग करने को लेकर ग्रामीणों की कथित तौर पर पिटाई की। पुलिस ने बताया कि इसमें महिलाओं और बच्चों समेत 10 ग्रामीण घायल हो गए।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकपाल गांव में नक्सलियों ने बुधवार को ग्रामीणों की पिटाई कर दी है। उन्होंने बताया कि इसमें 10 ग्रामीण घायल हुए हैं।

यह भी पढ़े | पाकिस्तान के रेल मंत्री Sheikh Rasheed ने भारत को दी परमाणु हमले की धमकी, बोले असम तक है टारगेट, मुसलामनों को नहीं होगा नुकसान.

पल्लव ने बताया कि जिले के कलेक्टर ने पिछले महीने चिकपाल गांव का दौरा किया था और वहां विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया था।

उन्होंने बताया, ‘‘कलेक्टर के निर्देश पर चिकपाल और अन्य गांवों में महिलाओं का समूह बनाया गया है। गांव में विभिन्न गतिविधियों के लिए समूह को कुछ धन भी उपलब्ध कराया गया है। चिकपाल गांव में 10 महिलाओं का समूह स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन का प्रबंधन कर रहा था तथा अन्य विकास कार्यों में हिस्सा ले रहा हैं।’’

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 95 लोगों की मौत, 4991 नए केस: 20 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पल्लव ने बताया कि बीते 15 अगस्त को चिकपाल गांव के लोगों ने नक्सलियों के गढ़ में स्थित मारजूम गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया था। इस गांव में 30 साल बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था।

उन्होंने बताया कि जब नक्सलियों को जानकारी मिली कि ग्रामीण प्रशासन के साथ मिलकर इन सभी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं तब बुधवार को लगभग 30 सशस्त्र नक्सली गांव में पहुंच गए। उन्होंने बतया कि नक्सलियों ने यहां महिलाओं और बच्चों समेत 20 लोगों को लाठी और बंदूक के बट से मारा और उसके बाद वहां से फरार हो गए थे।

उन्होंने बताया कि इस घटना में एक बुजुर्ग दंपति और नाबालिग लड़की समेत दस ग्रामीणों को गंभीर चोटें आई हैं। बृहस्पतिवार को ग्रामीण कटेकल्याण पुलिस थाना पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया है तथा हमलावर नक्सलियों की खोज में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार नक्सलियों को गिरफ्तार किया जा रहा है तथा वह आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से नक्सली हताश हैं। हताशा में वह ग्रामीणों की पिटाई कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले महीने की 19 तारीख को जिले के परचेली गांव में नक्सलियों ने ग्रामीणों की पिटाई कर दी थी। इस घटना में 25 ग्रामीण घायल हो गए थे। जिनमें से आठ गंभीर रूप से घायल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\