Pakistan: नवाज शरीफ की 15 अक्तूबर को लंदन से पाकिस्तान लौटने की संभावना, फिर संभालेंगे पार्टी की कमान
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के 15 अक्टूबर को लंदन से स्वदेश लौटने की संभावना है. स्थानीय मीडिया में शुक्रवार को आई एक खबर में यह जानकारी दी गयी है.
इस्लामाबाद, 25 अगस्त: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के 15 अक्टूबर को लंदन से स्वदेश लौटने की संभावना है. स्थानीय मीडिया में शुक्रवार को आई एक खबर में यह जानकारी दी गयी है. नवाज शरीफ के भाई और पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नवाज के लौटने की घोषणा की थी. नवाज शरीफ नवंबर 2019 से ब्रिटेन में रह रहे हैं. उन्हें 2018 में अल-अजीजिया मिल्स और एवेनफील्ड भ्रष्टाचार मामलों में दोषी ठहराया गया था.
नवाज शरीफ अल-अजीजिया मिल्स मामले में लाहौर की कोट लखपत जेल में सात साल की कैद की सजा काट रहे थे. उन्हें 2019 में चिकित्सा आधार पर लंदन जाने की अनुमति दी गई थी. जियो न्यूज ने लंदन से नवाज शरीफ के पारिवारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख के 15 अक्टूबर को पाकिस्तान लौटने की उम्मीद है.
सूत्रों के मुताबिक अक्टूबर के मध्य की तारीख नवाज, शहबाज और लंदन में उनके परिवार के करीबी सदस्यों द्वारा तय की गई थी. इस महीने की शुरुआत में पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज़ ने कहा था कि उनके भाई नवाज़ अपने लंबित अदालती मामलों का सामना करने और आम चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का नेतृत्व करने के लिए सितंबर में पाकिस्तान लौटेंगे.
हालांकि, पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) द्वारा नयी जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से परिसीमन करने का निर्णय लेने के बाद शरीफ के आने की योजना बदल दी गई.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 25, 2023 11:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

