एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नौसेना ने बंगाल की खाड़ी में सैन्य अभ्यास के तहत मिसाइल दागी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में अपने पोत गाइडेड मिसाइल कोरवेट आईएनएस कोरा से एक जहाज-रोधी मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। नौसेना ने ऐसा एक अभ्यास के तहत किया जो भारत के आसपास रणनीतिक समुद्री क्षेत्र में उसकी युद्धक तैयारियों को दर्शाता है।

देश की खबरें | नौसेना ने बंगाल की खाड़ी में सैन्य अभ्यास के तहत मिसाइल दागी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में अपने पोत गाइडेड मिसाइल कोरवेट आईएनएस कोरा से एक जहाज-रोधी मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। नौसेना ने ऐसा एक अभ्यास के तहत किया जो भारत के आसपास रणनीतिक समुद्री क्षेत्र में उसकी युद्धक तैयारियों को दर्शाता है।

नौसेना ने कहा कि मिसाइल ने अधिकतम सीमा पर स्थित लक्ष्य को बेहद सटीकता से निशाना बनाया।

यह भी पढ़े | Rahul Gandhi Attacks PM Modi: राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा- जवान टेंट में और प्रधानमंत्री 8400 करोड़ के जहाज में, फिर भी चीन का नाम लेने से डरते हैं.

नौसेना ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय नौसेना के गाइडेड मिसाइल कोरवेट आईएनएस कोरा द्वारा दागी गई जहाज-रोधी मिसाइल ने बंगाल की खाड़ी में अधिकतम दूरी पर स्थित लक्ष्य को सटीकता के साथ निशाना बनाया।’’

पिछले सप्ताह, नौसेना ने अरब सागर में किसी स्थान पर जहाज-रोधी मिसाइल द्वारा एक डूबते जहाज को ‘‘अत्यंत सटीकता’’ के साथ नष्ट करने का एक वीडियो जारी किया था।

यह भी पढ़े | Gujarat by-polls 2020: गुजरात उपचुनाव लड़ने वाले 25 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति.

इस मिसाइल को विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य और कई युद्धपोतों, लड़ाकू हेलीकॉप्टरों, विमानों और नौसेना के अन्य उपकरणों के साथ किये गए एक व्यापक नौसेना अभ्यास के दौरान ‘फ्रंटलाइन कोरवेट आईएनएस प्रबल’ से दागा गया था।

भारतीय नौसेना ने पूर्वी लद्दाख में सीमा गतिरोध को लेकर भारत और चीन के बीच तनाव के मद्देनजर चीन को एक संदेश देने के प्रयास के तहत हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी तैनाती में महत्वपूर्ण वृद्धि की है।

भारतीय नौसेना ने पिछले कुछ हफ्तों में कई संयुक्त समुद्री अभ्यासों में हिस्सा लिया है, जिसमें 26-28 सितंबर के बीच जापान की नौसेना के साथ तीन दिवसीय अभ्यास शामिल है।

भारतीय नौसेना ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के साथ हिंद महासागर क्षेत्र में दो दिवसीय अभ्यास भी किया था जिसमें कई जटिल नौसेना युद्धाभ्यास, विमान-रोधी अभ्यास और हेलीकाप्टर संचालन शामिल थे।

गत जुलाई में भारतीय नौसेना ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के तट पर परमाणु ऊर्जा चालित विमानवाहक पोत यूएसएस निमित्ज के नेतृत्व में अमेरिकी नौसेना वाहक समूह के साथ सैन्य अभ्यास किया था। यूएसएस निमित्ज दुनिया का सबसे बड़ा युद्धपोत है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2020 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).