खेल की खबरें | नटराज 200 मीटर बैकस्ट्रोक में सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकालने के बाद भी फाइनल में पहुंचने में नाकाम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत के शीर्ष तैराक श्रीहरि नटराज ने राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को यहां 200 मीटर बैकस्ट्रोक में ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ निकाला लेकिन वह हीट दो में तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।

बर्मिंघम, दो अगस्त भारत के शीर्ष तैराक श्रीहरि नटराज ने राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को यहां 200 मीटर बैकस्ट्रोक में ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ निकाला लेकिन वह हीट दो में तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।

नटराज ने दो मिनट 00:84 सेकंड का समय लिया और वह इस स्पर्धा के फाइनल में पहले रिजर्व खिलाड़ी होंगे।

उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दो मिनट 01.70 सेकंड का था, जो उन्होंने 2019 में ‘एफआईएनए’ विश्व जूनियर तैराकी चैंपियनशिप में हासिल किया था।

तैराकी में खिलाड़ी के समय को राष्ट्रीय रिकॉर्ड तभी माना जाता है जब इसे राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में हासिल किया गया हो। इसलिए, अन्य मुकाबलों में इसे सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय कहा जाता है।

इंग्लैंड के ल्यूक ग्रीनबैंक ने एक मिनट 56.33 सेकंड के समय के साथ हीट अपने नाम की, जबकि दक्षिण अफ्रीका के पीटर कोएट्ज़ ने  एक मिनट 58.08 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

तीन हीट में से सर्वश्रेष्ठ आठ तैराकों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

नटराज नौवें स्थान पर रहे और उन्हें पहले रिजर्व के रूप में रखा गया है। इसका मतलब यह है कि अगर कोई तैराक फाइनल से पहले बाहर हो जाता है, तो उन्हें प्रतिस्पर्धा का मौका मिलेगा।

नटराज फाइनल के लिए क्वालीफाई करने से 0.19 सेकंड से चूक गये।

नटराज इससे पहले पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में 25.23 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे। यह राष्ट्रमंडल खेलों में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ परिणाम रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\