देश की खबरें | राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल ने रूसी उप प्रधानमंत्री मेनतुरोव से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने सोमवार को रूस के उप प्रधानमंत्री डेनिस मेनतुरोव से मुलाकात की और भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी से जुड़े व्यापक मुद्दों पर चर्चा की।

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने सोमवार को रूस के उप प्रधानमंत्री डेनिस मेनतुरोव से मुलाकात की और भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी से जुड़े व्यापक मुद्दों पर चर्चा की।

मेनतुरोव ने सोमवार से अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान वह व्यापार, संस्कृति और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर अंतर-सरकारी बैठकों में शिरकत करेंगे।

डोभाल और मेनतुरोव की बैठक की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को लागू करने से जुड़े व्यापक द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

इससे पहले मेनतुरोव के साथ एक समारोह में हिस्सा लेते हुए जयशंकर ने कहा कि ऐसे समय में जब रूस एशिया की ओर अधिक देख रहा है, रूसी संसाधन एवं प्रौद्योगिकी भारत की प्रगति में मजबूत योगदान कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विविध क्षेत्रों में दोनों देशों में द्विपक्षीय सम्पर्क के विस्तार की संभावनाएं हैं।

रूस के एक अधिकारी ने बताया कि व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी रूस-भारत आयोग के सह-अध्यक्ष के रूप में जयशंकर और मेनतुरोव इन दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों से मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि अंतर सरकारी आयोग (आईजीसी) की एक पूर्ण बैठक मंगलवार को आयोजित की जाएगी, जिसके बाद सह-अध्यक्ष 24वीं आईजीसी बैठक के अंतिम प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर करेंगे।

रूसी अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक और मानवीय सहयोग से जुड़े व्यापक मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।

मेनतुरोव की यह यात्रा भारत-रूस के व्यापारिक रिश्तों में फिर से बढ़ोतरी होने, खासकर नयी दिल्ली द्वारा रूस से रियायती दाम पर कच्चा तेल खरीदने की पृष्ठभूमि में हो रही है।

भारत ने यूक्रेन पर रूस के हमले की अब तक निंदा नहीं की है और कहा है कि संकट को कूटनीति और संवाद के जरिए हल किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now