देश की खबरें | कोविड-19 के छह पॉजिटिव मामलों के बावजूद 19 अगस्त से शुरू होगा राष्ट्रीय हॉकी शिविर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 12 अगस्त पुरूष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह सहित छह खिलाड़ियों के कोविड-19 जांच में पॉजिटिव होने से अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीमों के लिये ट्रेनिंग शिविर तय समयानुसार 19 अगस्त से बेंगलुरू में शुरू हो जायेंगे।

पुरूष और महिला टीमें बेंगलुरू में भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के दक्षिण केंद्र में ट्रेनिंग बहाल करेंगी।

यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश के कई जिलों में कल भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने किया अलर्ट: 12 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

साइ के बुधवार को जारी बयान के अनुसार, ‘‘भारतीय पुरूष और भारतीय महिला टीमें 14 दिन के पृथकवास को पूरा करने के बाद 19 अगस्त 2020 से खेल गतिविधियां शुरू करेंगी। ’’

हॉकी इंडिया के अधिकारियों और दोनों टीमों के मुख्य कोचों सहित खेल के हितधारकों के बीच चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।

यह भी पढ़े | Hizbul Mujahideen Commander Azaad Lalhari killed in Pulwam: जम्मू कश्मीर के पुलवामा मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, आतंकी आजाद ललहारी ढेर, रियाज नायकू की मौत के बाद बना था हिजबुल कमांडर.

इसके अनुसार, ‘‘सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सबसे बड़ी प्राथमिकता मानते हुए यह फैसला किया गया कि साइ के बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में खेल गतिविधियां शुरू की जायेंगी जो पहले निर्धारित किया गया था। ’’

छह खिलाड़ियों के कोविड-19 पॉजिटिव पाये जाने के बाद पुरूष हॉकी खिलाड़ियों का शिविर लगना अनिश्चित था। महिला शिविर के आयोजन पर हालांकि कोई संदेह नहीं था क्योंकि सभी कोरोन वायरस की जांच में नेगेटिव आयी थीं।

कप्तान मनप्रीत, स्ट्राइकर मनदीप सिंह, डिफेंडर सुरेंद्र कुमार, जसकरण सिंह, ड्रैग फ्लिकर वरूण कुमार और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को पॉजिटिव पाये जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ये छह पॉजिटिव खिलाड़ी (ज्यादातर पंजाब से) 10 सदस्यीय समूह का हिस्सा थे जो एक साथ नयी दिल्ली से पहुंचे थे।

इस समय 33 पुरूष और 24 महिला खिलाड़ी शिविर के लिये बेंगलुरू में हैं। राष्ट्रीय शिविर के 30 सितंबर तक जारी रहने की उम्मीद है।

साइ ने कहा कि शिविर लगाने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया और कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के अंतर्गत ही इसका आयोजन किया जायेगा।

भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा कि खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का स्वास्थ्य शिविर के दौरान पहली प्राथमिकता होगा।

रीड ने कहा, ‘‘यह जानकार अच्छा लगा कि हर कोई उत्साहित है जबकि हमारी पहली प्राथमिकता उनका स्वास्थ्य और सुरक्षा होगी। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)