जरुरी जानकारी | मुंबई में ‘संपत्ति प्रदर्शनी’ का आयोजन करेगा नारेडको, 100 से अधिक बिल्डर लेंगे भाग

नयी दिल्ली, 15 सितंबर रियल्टी कंपनियों के संगठन नारेडको की महाराष्ट्र इकाई 30 सितंबर से दो अक्टूबर के दौरान मुंबई में ‘संपत्ति प्रदर्शनी’ का आयोजन करेगी।

इस प्रदर्शनी में बिक्री बढ़ाने के लिए 100 से अधिक बिल्डर मूल्य और अन्य छूट की पेशकश के साथ भाग लेंगे।

राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद (नारेडको) महाराष्ट्र ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि वह बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में स्थित जियो कन्वेंशन सेंटर में ‘होमथॉन प्रॉपर्टी एक्सपो 2022’ का आयोजन कर रही है।

नारेडको के अनुसार, इस प्रदर्शनी में करीब 50,000 घर खरीदारों के आने की उम्मीद है।

इस प्रदर्शनी में 100 से अधिक बिल्डर मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), पुणे, नासिक और नागपुर में विकसित की जा रही अपनी परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे।

रियल एस्टेट नियामक (रेरा) भी आयोजन में शामिल होगा। इसके जरिये घर खरीदार समयबद्ध तरीके से विभिन्न बिल्डरों की परियोजनाओं का पंजीकरण ब्योरे की पुष्टि कर सकेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)