एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | नारायण मूर्ति, सुधा मूर्ति और राहुल द्रविड ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इंफोसिस के संस्थापक एन आर नारायण मूर्ति, उनकी पत्नी व राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति और पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव में सुबह-सुबह मतदान किया और लोगों खासकर युवाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया।

ताजा खबरें | नारायण मूर्ति, सुधा मूर्ति और राहुल द्रविड ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की

बेंगलुरु, 26 अप्रैल सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इंफोसिस के संस्थापक एन आर नारायण मूर्ति, उनकी पत्नी व राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति और पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव में सुबह-सुबह मतदान किया और लोगों खासकर युवाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया।

कर्नाटक में लोकसभा की 14 सीटों पर पहले दौर के चुनाव के तहत शुक्रवार को मतदान जारी है।

इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें हर पांच साल में यह मतदान का अधिकार मिलता है। हमें इस अधिकार का प्रयोग बहुत सोच-समझकर जिम्मेदारीपूर्वक करना चाहिए। किसी को भी इस मौके को गंवाना नहीं चाहिए।’’

उनकी पत्नी सुधा मूर्ति ने कहा कि 77 वर्षीय नारायण मूर्ति खराब सेहत के बावजूद मतदान करने के लिए आए।

उन्होंने कहा, ‘‘नारायण मूर्ति की तबीयत ठीक नहीं है और वह अस्पताल में भर्ती थे। हमने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दिलायी और मतदान करने के बाद उन्हें घर लेकर जा रहे हैं।’’

सुधा मूर्ति ने कहा कि उनकी यात्रा करने की योजना थी लेकिन वह उससे पहले मतदान करना चाहती थीं। उन्होंने कहा, ‘मतदान श्रेष्ठ दान। बैठकर बात करने के बजाय बाहर निकलिए, मतदान करिए और अपनी राय जाहिर करिए।’’

यहां जयनगर में एक मतदान केंद्र में मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने युवाओं से बाहर निकलने और मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे जैसे वरिष्ठ नागरिक कतार में खड़े रहेंगे। युवाओं को भी बाहर निकलना चाहिए और मतदान करना चाहिए।’’

सुधा मूर्ति ने बेंगलुरु के निवासियों से बाहर निकलने और बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की जहां अक्सर मत प्रतिशत कम रहता है।

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के प्रमुख कोच राहुल द्रविड़ ने कहा, ‘‘पढ़े-लिखे लोग आम तौर पर बड़ी संख्या में मतदान के लिए कम बाहर निकलते हैं। जागरुक मतदाता होने के नाते आपको अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि यह हर किसी के लिए लोकतंत्र में भाग लेने का अवसर है। उन्होंने कहा, ‘‘सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए अच्छे बंदोबस्त किए गए हैं...कृपया बाहर निकलिए और बड़ी संख्या में मतदान करिए। इस बार बेंगलुरु में रिकॉर्ड मतदान होना चाहिए। युवाओं खासतौर से पहली बार मतदान कर रहे लोगों को बाहर निकलना चाहिए और मतदान करना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2024 10:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).