देश की खबरें | नायडू ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया

वाराणसी, 16 अप्रैल उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन शनिवार को पत्नी एम. उषा नायडू के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया।

इस दौरान उपराष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में भारत माता की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके अपना शीश नवाया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे उपराष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर को देखकर अभिभूत भी हुए।

उपराष्ट्रपति ने बाबा श्री विश्वनाथ से देश में सुख-शान्ति एवं लोक कल्याण की कामना की। बाबा के दरबार में दर्शन-पूजन के बाद नायडू ने काशी विश्वनाथ धाम के नव्य एवं भव्य विस्तारित स्वरूप का अवलोकन भी किया। इस दौरान धाम की छटा और सुंदरता देख उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी आहृलादित नजर आए।

उपराष्ट्रपति ने मौजूद अफसरों से धाम के बारे में जानकारी ली और कहा कि ‘‘अकल्पनीय है धाम।’’ इस दौरान उन्हें बाबा श्री काशीविश्वनाथ की प्रतिमा का स्मृति चिह्न भेंट किया गया। यहां से उपराष्ट्रपति काशी के कोतवाल श्री काल भैरव मंदिर पहुंचे और वहां विधिवत दर्शन-पूजन किया।

इसके बाद उपराष्ट्रपति पड़ाव (जिला चंदौली) स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन पहुंचे और वहां पर स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विशाल प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

नायडू ने इस दौरान स्मृति उपवन के थ्रीडी मॉडल एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र पर आधारित थ्रीडी पिक्चर का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेट की गई। नायडू ने ‘विज़िटर बुक’ में अपना संदेश भी लिखा।

इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र "दयालु" सहित कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा भी मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)