देश की खबरें | नायडू ने बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने सोमवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
नयी दिल्ली, 15 नवंबर उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने सोमवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सरकार द्वारा इस दिन को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह कई अन्य बहादुर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को भी श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान दिया।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को आज उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। मुझे प्रसन्नता है कि उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया है।’’
नायडू ने कहा, ‘‘मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि आदिवासी लोगों के गौरवशाली इतिहास, उनकी समृद्ध संस्कृति और कई उपलब्धियों को मनाने के लिए 15 नवंबर 2021 से सप्ताह भर चलने वाले समारोह का आयोजन किया जा रहा है।’’
सरकार ने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के तौर पर मनाने की घोषणा की है।
इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची में ‘भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय' का डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया। यह संग्रहालय झारखंड सरकार के सहयोग से रांची की पुरानी केंद्रीय जेल में बनाया गया है, जहां बिरसा मुंडा ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।
संग्रहालय में मुंडा की 25 फुट की प्रतिमा और क्षेत्र के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की नौ फुट की प्रतिमाएं होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)