लॉकडाउन के दौरान नायडू ने राज्यसभा के अधिकारियों के साथ पहली बैठक की
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, स्थायी समितियों की बैठक करने पर निर्णय 17 मई के बाद लिए जाएगा जब लॉकडाउन का तीसरा चरण समाप्त होगा।
नयी दिल्ली, चार मई राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने लॉकडाउन के बाद पहली बार सोमवार को सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की और कई मुद्दों पर उनसे चर्चा की जिसमें नये सदस्यों के शपथ ग्रहण और विभिन्न स्थायी समितियों के अध्यक्षों के चुनाव शामिल हैं।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, स्थायी समितियों की बैठक करने पर निर्णय 17 मई के बाद लिए जाएगा जब लॉकडाउन का तीसरा चरण समाप्त होगा।
महासचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घंटे भर की बैठक के दौरान सभापति ने निर्विरोध निर्वाचित नये सदस्यों के शपथ ग्रहण, स्थायी समितियों के अध्यक्षों को चुनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और सुरक्षा नियमों तथा संसाधनों को बचाने पर चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए इस तरह की आठ समितियों के अध्यक्षों के खाली पद को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
इन रिक्तियों में मानव संसाधन विकास और उद्योगों संबंधी स्थायी समितियों के अध्यक्ष के पद शामिल हैं। इनके अध्यक्ष क्रमश: सत्यनारायण जटिया और के. केशव राव थे।
नायडू को बताया गया कि राज्यसभा में 20 रिक्तियां हैं।
बयान में बताया गया कि इन रिक्तयों में वे 18 रिक्तियां भी शामिल हैं जिनके लिए चुनाव टाल दिए गए।
बयान में कहा गया है कि लॉकडाउन को 17 मई तक बढ़ाए जाने और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए विभागों से जुड़ी स्थायी समितियों और अन्य समितियों की बैठक करने पर बाद में फैसला किया जाएगा।
निर्विरोध चुने गए 38 सदस्यों के शपथ ग्रहण पर निर्णय किया गया कि लॉकडाउन के बाद अगले सत्र से पहले अगर संभव हुआ तो सभापति के कक्ष में उन्हें शपथ दिलाई जाएगी।
नायडू ने खर्च में कटौती की योजना का ब्यौरा मांगा।
महासचिव देश दीपक वर्मा ने बताया कि सचिवालय का 2020-21 के लिए वार्षिक बजट 423 करोड़ में से 60 करोड़ रुपये की बचत की पहचान की गई है।
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष में 80 करोड़ रुपये के कुल बचत का लक्ष्य रखा गया है।
बयान में कहा गया है कि राज्यसभा के सभापति ने 20 अप्रैल से काम कर रहे सचिवालय में सुरक्षा मानकों का ब्यौरा भी मांगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

