नयी दिल्ली/शिमला, 13 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और वहां के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण मची भीषण तबाही और जान-माल के नुकसान का जायजा लेंगे।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
उनके इस दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी साथ रहेंगे।
बयान के मुताबिक नड्डा शुक्रवार को सुबह 10 बजे मंडी पहुंचेंगे और जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पीड़ितों से मुलाक़ात भी करेंगे। वह पंचवक्तत्रा मंदिर में पूजा अर्चना भी करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष यहां से कुल्लू के लिए रवाना हो भारी बारिश से इलाके में हुए नुकसान का आकलन करेंगे और इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के साथ मुलाक़ात भी करेंगे।
इसके बाद नड्डा बड़ा भूही पंचायत सहित आसपास के अन्य स्थानों का दौरा कर नुकसान का जायजा लेंगे एवं पीड़ित लोगों से मुलाक़ात भी करेंगे।
नड्डा इसके बाद मनाली पहुंचेंगे, जहां वह वाहंग में हुए भारी नुकसान का जायजा लेंगे। वह आलू ग्राउंड और उसके आसपास के इलाकों में प्राकृतिक आपदा के कारण आई भीषण तबाही का भी जायजा लेंगे।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी 14-16 जुलाई तक अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र हमीरपुर का दौरा करेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।
हिमाचल में पिछले पांच दिनों में मानसून के प्रकोप से 42 लोगों की जान जा चुकी है। साथ ही भूस्खलन और बाढ़ के कारण भारी नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में चार हजार करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY