देश की खबरें | भाजपा के बूथ विजय अभियान का 23 अगस्त को नड्डा ग्रेटर नोएडा से करेंगे शुभारंभ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त को बूथ विजय अभियान की शुरुआत करेगी जिसका शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे।
लखनऊ, 21 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में 23 अगस्त को बूथ विजय अभियान की शुरुआत करेगी जिसका शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे।
भाजपा मुख्यालय से शनिवार को जारी बयान के अनुसार जगत प्रकाश नड्डा आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज ग्रेटर नोएडा से डिजिटल माध्यम से प्रदेश के सभी 27,700 शक्ति केन्द्रों पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेगें। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल भी नड्डा के साथ ग्रेटर नोएडा में ‘बूथ विजय अभियान‘ के शुभारंभ के अवसर पर मौजूद रहेगें।
बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से कार्यक्रम में जुडेगें जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में व डॉ. दिनेश शर्मा लखनऊ में ‘बूथ विजय अभियान‘ के शुभारंभ के अवसर पर अपने शक्ति केन्द्र पर रहेंगे।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि पार्टी द्वारा 23 अगस्त से शुरू किये जा रहे बूथ विजय अभियान को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 23 अगस्त को ‘बूथ विजय अभियान‘ का शुभारंभ करेंगे।
उन्होंने बताया कि बूथ विजय अभियान के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश के सभी शक्ति केन्द्रों पर बूथ सत्यापन अधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष व बूथ समिति के सदस्य उपस्थित रहेगें। साथ ही उस शक्ति केन्द्र के अन्तर्गत निवास करने वाले सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहेगें।
राठौर ने बताया कि नड्डा द्वारा शक्ति केन्द्र पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से संबोधित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक शक्ति केन्द्र पर एलईडी स्क्रीन टीवी व अन्य डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)