एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोविड-19 पर प्रधानमंत्री की बैठक में शामिल ना होने के लिए नड्डा ने साधा ममता पर निशाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति के लिए केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साधने पर रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया और पूछा कि इस महामारी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई पिछली बैठक में वह शामिल क्यों नहीं हुई।

देश की खबरें | कोविड-19 पर प्रधानमंत्री की बैठक में शामिल ना होने के लिए नड्डा ने साधा ममता पर निशाना

मानिकचक (पश्चिम बंगाल), 25 अप्रैल भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति के लिए केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साधने पर रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया और पूछा कि इस महामारी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई पिछली बैठक में वह शामिल क्यों नहीं हुई।

नड्डा ने दावा किया भाजपा को लगातार मिल रहे समर्थन से तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष की ‘‘बौखलाहट’’ बहुत बढ़ गई है और इसी वजह से सत्ताधारी पार्टी के लोग ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं।’’

मालदा जिले के मानिकचक से भाजपा के उम्मीदवार के पक्ष में दिल्ली से एक डिजीटल रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘कोविड-19 पर प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई गई बैठक में आप (बनर्जी) क्यों शामिल नहीं हुई? ऐसा क्या आपने भारी घमंड की वजह से किया?’’

मोदी भी ममता बनर्जी पर केंद्र द्वारा कोविड-19प्रबंधन समेत विभिन्न मुद्दों पर बुलाई गई बैठकों में शामिल ना होने का आरोप लगा चुके हैं। हालांकि बनर्जी ने दावा किया है कि महामारी से निपटने के तौर तरीकों पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में बुलाई गई बैठक में उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया था।

नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी ने पिछले दिनों दावा किया था कि बंगाल में कोविड-19 रोधी टीके उपलब्ध नहीं हैं लेकिन उन्हें यह याद नहीं रहा कि पिछले 10 सालों से उन्होंने राज्य की जनता को कई अहम सुविधाओं से वंचित रखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि टीके उपलब्ध नहीं हैं तो आप (बनर्जी) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को रोजाना लगने वाले टीकों के बारे में आंकड़े कैसे भेज रही हैं।’’

नड्डा ने कहा कि पिछले साल राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के लिए जब केंद्र सरकार ने एक केंद्रीय दल भेजा था तब भी ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले राज्य प्रशासन ने उन्हें अपना काम नहीं करने दिया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं को हार का डर सता रहा है और इसलिए उन्होंने ‘‘गुंडों को मतदाताओं को डराने -धमकाने की छूट दे दी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ममता जी दावा करती हैं कि वह राज्य की बेटी हैं लेकिन उन्हीं के शासन में शोभा मजूमदार (एक भाजपा कार्यकर्ता की मां) को गुंडों से अपने बेटे को बचाने के लिए अपनी जान गंवानी पड़ी।’’

उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के राज में बंगाल में कानून व्यवस्था नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘असल स्थिति पर पर्दा डालने के लिए’ ममता बनर्जी ने राज्य के अपराध के आंकडों का ब्योरा राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) को भेजना बंद कर दिया है।

उन्होंने दावा किया कि बलात्कार सहित महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में बंगाल शीर्ष पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2021 06:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).