देश की खबरें | मेरा फोन अब भी टैप किया जा रहा है : राजस्थान के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने रविवार को एक बार फिर दावा किया कि उनका फोन अब भी टैप किया जा रहा है और उन पर निगरानी रखी जा रही है।
जयपुर, 23 फरवरी राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने रविवार को एक बार फिर दावा किया कि उनका फोन अब भी टैप किया जा रहा है और उन पर निगरानी रखी जा रही है।
सांचोर में एक कार्यक्रम में मीणा ने कहा, ‘‘मैंने अब भी कह रहा हूं कि मेरा फोन लगातार टैप हो रहा है। लगातार मेरे पीछे सीआईडी लगी हुई है।’’
मीणा का यह दावा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम द्वारा राजस्थान विधानसभा में फोन टैपिंग के आरोपों से इनकार किए जाने के कुछ दिन बाद आया है। बेढ़म ने कहा था कि मीणा का फोन टैप नहीं किया गया है।
मीणा ने कहा, ‘‘मुझे (पार्टी से) एक नोटिस मिला। मैंने कहा कि पहले राज (सरकार) के अधिकारी जब मैं आंदोलन करता था तो मेरी जासूसी करते थे। कहां जा रहा हूं, क्या कर रहा हूं, कौन सा आंदोलन करूंगा? मेरा फोन टैप करते थे।’’
कृषि मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने यही कहा था कि मेरे फोन टैप किए जा रहे हैं। मेरे पीछे सीआईडी लगाई जा रही है। जो पहले मेरे फोन टैप करते थे, मेरा पीछा करते थे, पिछले राज के वे अधिकारी ज्यों के त्यों बैठे हैं। मैंने कभी उनकी परवाह नहीं की, पर अब तो यह सब बंद होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हां, मैंने गलती की। मुझे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सही मंच पर इस मुद्दे को उठाना चाहिए था, लेकिन कभी-कभी स्थिति उलझ जाती है। इसलिए, मैंने अपनी बात रखी।’’
मीणा ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकार में घोटाले हुए थे। उन्होंने कहा, ‘‘जल जीवन मिशन में बहुत बड़ा घोटाला हुआ। बिना किसी टेंडर के काम दिया गया। मैंने इस मुद्दे को उठाया और कुछ इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया, कुछ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया और एक ठेकेदार को भी गिरफ्तार किया गया।’’
विपक्षी कांग्रेस ने मीणा के फोन टैपिंग का मुद्दा विधानसभा में उठाया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बेढ़म ने पिछले सप्ताह आरोपों से इनकार किया था।
मीणा के बयान पर भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा कि सरकार विधानसभा में पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि मीणा समेत किसी भी निर्वाचित प्रतिनिधि का फोन टैप नहीं किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 23, 2025 09:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

