देश की खबरें | एमवीए नेता लोकसभा उम्मीदवारों पर फैसले के लिए समिति के गठन पर कर रहे विचार: अजित पवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार ने सोमवार को कहा कि महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का फैसला करने के वास्ते एक समिति गठित करने पर विचार कर रहे हैं, जिसमें प्रत्येक घटक दल से दो सदस्य हो सकते हैं।
मुंबई, 15 मई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार ने सोमवार को कहा कि महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का फैसला करने के वास्ते एक समिति गठित करने पर विचार कर रहे हैं, जिसमें प्रत्येक घटक दल से दो सदस्य हो सकते हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के मद्देनजर एमवीए महाराष्ट्र में अगले साल होने वाले आम चुनाव में सत्तारूढ़ दलों को संयुक्त रूप से चुनौती देने के लिए उत्साहित हुआ है।
एमवीए में राकांपा के अलावा कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) शामिल हैं।
पवार ने कहा, ‘‘प्रत्येक घटक दल लोकसभा उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए संभवत: अपने दो-दो नेताओं को नामित करेगा। तीनों राजनीतिक दल सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर बातचीत करेंगे।’’
वह रविवार को यहां राकांपा प्रमुख शरद पवार के घर पर हुई एमवीए के प्रमुख सदस्यों की बैठक के बारे में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे एवं संजय राउत तथा कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण और नसीम खान शामिल थे।
भाजपा ने 2019 में राज्य की 48 लोकसभा सीट में से 23 सीट जीती थीं, जबकि तत्कालीन अविभाजित शिवसेना को 18 सीट पर जीत हासिल हुई थी। राकांपा को चार सीट मिली थीं और कांग्रेस को एक सीट से संतोष करना पड़ा था।
उन्होंने कहा, ‘‘बैठक में यह भी तय किया गया कि (एमवीए की) 'वज्रमूठ' रैलियां कहां आयोजित की जा सकती हैं।’’
राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने रविवार को कहा कि एमवीए की 'वज्रमूठ' रैलियां’ अभी रुकी हुई हैं और गर्मी कम होने के बाद ये फिर से शुरू होंगी।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के शनिवार को घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 224 सीट में से 135 सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमशः 66 और 19 सीट हासिल की हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)