उप्र में दो साधुओं की हत्या काफी दुखद: देशमुख
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता देशमुख ने कहा कि उन्हें ‘‘भरोसा’’ है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले में उसी तरह कड़ी कार्रवाई करेंगे, जैसी महाराष्ट्र सरकार ने पालघर घटना के सिलसिले में की थी।
, मुंबई, 28 अप्रैल महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या को मंगलवार को ‘‘काफी दुखद’’ बताया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता देशमुख ने कहा कि उन्हें ‘‘भरोसा’’ है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले में उसी तरह कड़ी कार्रवाई करेंगे, जैसी महाराष्ट्र सरकार ने पालघर घटना के सिलसिले में की थी।
किसी पार्टी का नाम लिये बगैर देशमुख ने उम्मीद जताई कि पालघर घटना के बाद ‘‘भड़काऊ’’ टिप्पणियां करने वाले, बुलंदशहर घटना के बाद इस तरह की भड़काऊ टिप्पणियां नहीं करेंगे।
देखमुख ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या की घटना काफी दुखद है। हमें योगी आदित्यनाथ पर भरोसा है कि वह उसी तरह कार्रवाई करेंगे, जैसे हमने पालघर में की थी। हमें उम्मीद है कि पालघर घटना के बाद भड़काऊ सांप्रदायिक टिप्पणियां करने वाले इस बार ऐसा नहीं करेंगे।’’
बुलंदशहर जिले में मंगलवार की सुबह एक मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर दी गई। इन हत्याओं का आरोप एक स्थानीय युवक पर है।
अनूप शहर थाना क्षेत्र स्थित फगौना गांव में एक शिव मंदिर में जगदीश (50) और शेर सिंह (52) नामक साधुओं की हत्या कर दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
योगी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिये हैं, जबकि विपक्षी नेताओं ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पालघर में 16 अप्रैल की रात एक गांव के निकट भीड़ ने दो साधुओं और उनके चालक की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

