देश की खबरें | ओडिशा के बेरहामपुर में दिनदहाड़े हत्या, भीड़ ने की आगजनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के गंजाम जिले में रविवार को 42 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई जिसके बाद भीड़ ने हत्या के संदिग्ध के घर में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बेरहामपुर, 19 सितंबर ओडिशा के गंजाम जिले में रविवार को 42 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई जिसके बाद भीड़ ने हत्या के संदिग्ध के घर में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर कोदला में खडाला स्ट्रीट में हुई।
पुलिस ने बताया कि कालू दास सुबह कुछ लोगों के साथ बाजार जा रहा था जब उस पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने बताया कि इस हमले में कालू दास की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने कहा कि घायल व्यक्ति को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया फिर उसे यहां स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या होने का शक है। इस घटना के बाद भीड़ ने संदिग्ध के घर को आग लगा दी और सड़क को जाम कर दिया तथा संदिग्ध को उनके हवाले करने की मांग की।
सब डिविजनल पुलिस अधिकारी पुरुषोत्तमपुर सूर्यमणि प्रधान ने बताया कि दमकलकर्मियों और पुलिस ने आग पर काबू पा लिया।
पुलिस ने कहा कि हत्या की वारदात में शामिल संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है और आगजनी के पीछे जो लोग हैं उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ब्रजेश राय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तहत 30 पुलिसकर्मियों की एक पलटन क्षेत्र में तैनात की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)