देश की खबरें | मुंडका अग्निकांड: डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए अब तक 26 लोगों के जैविक नमूने लिए गये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि उसने अब तक उन कुल 26 लोगों के जैविक नमूने ‘डीएनए प्रोफाइलिंग’ के लिए एकत्रित किये हैं जिनके परिवार के सदस्यों के बाहरी दिल्ली के मुंडका में एक इमारत में लगी आग में मारे जाने की आशंका है।
नयी दिल्ली, 16 मई दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि उसने अब तक उन कुल 26 लोगों के जैविक नमूने ‘डीएनए प्रोफाइलिंग’ के लिए एकत्रित किये हैं जिनके परिवार के सदस्यों के बाहरी दिल्ली के मुंडका में एक इमारत में लगी आग में मारे जाने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग की घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए कुल 26 नमूने एकत्रित किये गये हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ डीएनए प्रोफाइलिंग करेंगे।’’
दिल्ली पुलिस ने रविवार को कहा था कि उसने कम से कम 20 लोगों के जैविक नमूने डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए जमा किये हैं, जिनके परिवार के सदस्यों के अग्निकांड में मारे जाने की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया था कि इनमें उन आठ लोगों के परिजन भी शामिल हैं जिनकी पहचान पहले ही हो चुकी है।
इस मामले में इमारत के मालिक मनीष लकड़ा को घटना के दो दिन बाद रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) समीर शर्मा ने रविवार को कहा, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि लकड़ा उत्तराखंड स्थित हरिद्वार जा रहा है। हमने जाल बिछाया और दिल्ली तथा हरियाणा में कई जगहों पर छापे मारकर उसे घेवरा मोड़ पर पकड़ लिया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)