देश की खबरें | मुंबई पुलिस की एसआईटी ‘अनियमितताओं’ की जांच के लिए बीएमसी मुख्यालय पहुंची

मुंबई, 17 जुलाई बृह्नमुंबई नगरपालिका (बीएमसी) के विभिन्न कार्यों में 12,024 करोड़ रुपये की कथित “अनियमितताओं” की जांच कर रहा मुंबई पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) सोमवार को नगर निकाय के मुख्यालय पहुंचा, जहां उसने वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने बीएमसी के विभिन्न कार्यों में कथित अनियमितताओं की जानकारी दी थी, जिसके बाद एसआईटी का गठन किया गया था।

अधिकारी ने कहा कि एसआईटी के अधिकारी बीएमसी की तरफ से आमंत्रित की गईं निविदाओं से संबंधित दस्तावेज भी एकत्र कर रहे हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मंजूरी के बाद एसआईटी का गठन किया गया था। इसका नेतृत्व मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फनसालकर कर रहे हैं। इसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त (आर्थिक अपराध शाखा), उप पुलिस आयुक्त (आर्थिक अपराध शाखा) और अन्य अधिकारी शामिल हैं।

नगरपालिका ने नवंबर 2019 से जून 2022 तक कई कार्य किए थे, जिनमें कोविड​​-19 महामारी से संबंधित कामकाज भी शामिल थे। इस अवधि के दौरान महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की सरकार थी।

सीएजी के ऑडिट रिपोर्ट सौंपने के बाद मुंबई से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अमित सातम ने मुख्यमंत्री शिंदे को पत्र लिखकर कोविड-19 से संबंधित विभिन्न कार्यों में अनियमितताओं का दावा किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)