देश की खबरें | मुबंई :शरद पवार के घर के बाहर प्रदर्शन के मामले में एक पत्रकार समेत 115 लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने पिछले सप्ताह राकांपा प्रमुख शरद पवार के आवास के बाहर प्रदर्शन के मामले में बुधवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुंबई, 13 अप्रैल मुंबई पुलिस ने पिछले सप्ताह राकांपा प्रमुख शरद पवार के आवास के बाहर प्रदर्शन के मामले में बुधवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इसके साथ ही बीते शुक्रवार को हुई घटना के बाद से अब तक 115 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने बुधवार को पुणे के एक यूट्यूब चैनल के पत्रकार चंद्रकांत सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि मुबंई के गामदेवी पुलिस थाने की एक टीम ने उसे पुणे से हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए मुंबई ले आयी।

गौरतलब है कि 8 अप्रैल की दोपहर को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के कर्मचारियों के एक समूह ने पेडर रोड पर पवार के बंगले के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों ने पवार पर उनकी मदद के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया था।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में बाद में वकील गुणरत्न सदावर्ते सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने हड़ताल पर बैठे श्रमिकों का प्रतिनिधित्व किया था।

महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने मंगलवार को कहा कि खुफिया विभाग ने 4 अप्रैल को संबंधित पुलिस अधिकारियों को पवार के आवास के बाहर एमएसआरटीसी कार्यकर्ताओं के संभावित विरोध के बारे में एक पत्र भेजा था, लेकिन फिर भी एक ‘चूक’ हुई और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।

मंत्री ने कहा था कि चूक की जांच पहले से ही चल रही है, जबकि जोन II के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) का तबादला कर दिया गया है और गामदेवी पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\