देश की खबरें | बाराबंकी में बहुमंजिला मकान ढहा; तीन लोगों की मौत, 10 जख्मी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के फतेहपुर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत गिरने से उसके मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य जख्मी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश), चार सितंबर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत गिरने से उसके मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य जख्मी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के फतेहपुर कस्बे में आज तड़के करीब सवा तीन बजे तीन मंजिल एक मकान अचानक ढह गया, जिसके मलबे में 16 लोग दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 13 लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान रोशनी बानो (22) और हकीमुद्दीन (28) की मौत हो गई। वहीं, करीब 11 घंटे बाद मलबे से करीब 27 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव निकाला गया है।

उन्होंने बताया कि कस्बे में तीन मंजिला मकान ढहने के आठ घंटे बीतने के बाद भी बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे दो और लोगों को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम के सदस्य मशक्कत कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में रेफर किया गया है जबकि दो अन्य लोगों का स्थानीय अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा और विधायक साकेंद्र वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों के हताहत होने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने 'एक्स' पर दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now