छतरपुर (मप्र), छह अगस्त मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुंह में डीजल डालकर ‘फायर स्टंट’ (आग के करतब) दिखाने के दौरान 45 वर्षीय एक स्टंटमैन की तबीयत बिगड़ गई और वह मंच पर ही गिर गया। बाद में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस कार्यक्रम के आयोजक ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई।
भाजपा नेता मानिक चौरसिया ने कहा कि उन्होंने कानपुर से स्टंटमैन और उसकी टीम को कार्यक्रम में स्टंट करने के लिए मध्य प्रदेश के नौगांव में बुलाया था। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए थे। नौगांव छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 23 किलोमीटर दूर है।
मृतक की पहचान कबीर सिंह के रूप में हुई है।
मृतक के साथी आदित्य कटियार ने कहा कि सिंह सहित नौ लोगों की एक टीम को चौरसिया ने कानपुर से कार्यक्रम के लिए बुलाया था।
कटियार ने बताया कि कबीर सिंह ने ‘माउथ फायर स्टंट’ करने के लिए कुछ डीजल अपने मुंह में डाला और बाद में इसे जलती हुई मशाल पर थूका। उन्होंने कहा कि इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे तुरंत नौगांव अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि टीम को कुछ ही देर बाद सूचित किया गया कि उसकी मौत हो गई है।
भाजपा की जिला कार्यसमिति के सदस्य चौरसिया ने कहा कि उन्होंने शो के लिए कानपुर से इस ‘इवेंट मैनेजमेंट’ कंपनी को बुलाया था।
उन्होंने कहा कि कबीर सिंह ने पूर्व में आयोजित हमारे चार कार्यक्रमों में करतब दिखाए थे।
चौरसिया ने कहा, ‘‘सिंह ने सीने में दर्द की शिकायत की और उन्हें तुरंत नौगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि यह ज्वलनशील पदार्थ के सेवन का मामला है।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद डॉक्टरों ने सिंह को छतरपुर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
चौरसिया ने कहा कि उसके शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद कानपुर ले जाया जा रहा है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) चंचलेश मरकाम ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर मनोज चौधरी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद सिंह की मौत के सही कारण का पता चलेगा।
जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अनीश खान ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए लोगों को आकर्षित करने के लिए ‘स्टंट’ करते समय एक व्यक्ति की जान चली गई।
उन्होंने मांग की कि उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY