शहडोल, 26 नवंबर मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अवैध रूप से रेत खनन कर ले जाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर एक पटवारी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार मध्यरात्रि के आसपास हुई घटना के सिलसिले में आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने इस घटना के लिए राज्य में भाजपा शासन के दौरान कथित भ्रष्टाचार और घोटालों को जिम्मेदार ठहराया।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया मंच‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘यह पहली बार नहीं है कि मध्य प्रदेश में रेत माफिया ने किसी सरकारी अधिकारी को इस तरह से कुचल कर मार डाला है। यह स्थिति मध्य प्रदेश में शिवराज (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान) सरकार के दौरान पनपे भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण उत्पन्न हुई है।’’
कांग्रेस नेता ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
देवलौंद पुलिस थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पटवारी प्रसन्न सिंह सहित सरकारी कर्मचारियों की एक टीम ने गोपालपुर क्षेत्र में सोन नदी के पास अवैध रूप से खनन की गई रेत भरकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने सिंह को कुचल दिया। सिंह ब्यौहारी तहसील के खड्डा में पटवारी के पद पर तैनात थे।
अधिकारी ने बताया कि सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
शहडोल के पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर ट्रैक्टर और उसके चालक शुभम विश्वकर्मा (25) की पहचान की, जिसे रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY