देश की खबरें | मप्र: किसान दंपति एवं उनके चार साल के बेटे का शव मिला, पुलिस को आत्महत्या की आशंका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में रविवार को एक किसान दंपति और उनके चार साल के बेटे को उनके घर में मृत पाया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।

निवाड़ी (मप्र), तीन सितंबर मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में रविवार को एक किसान दंपति और उनके चार साल के बेटे को उनके घर में मृत पाया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर पृथ्वीपुर पुलिस थाना इलाके स्थित केसरीगंज में हुई।

पृथ्वीपुर थाना प्रभारी जगत पाल सिंह ने बताया कि आनंद (30), उसकी पत्नी राखी (28) और उनके चार साल के एक बेटे के शव उनके घर से रविवार सुबह बरामद किये गए।

उन्होंने कहा कि दंपति के शव फांसी पर लटके पाए गए, जबकि उनके बेटे का शव जमीन पर पड़ा पाया गया।

सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पारिवारिक कलह के कारण इस दंपति ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

थाना प्रभारी के मुताबिक, आनंद खेती-बाड़ी करता था और उसने इस सीजन में करीब तीन एकड़ में मूंगफली बोई थी जिसकी फसल खेतों में तैयार हो रही है।

उन्होंने कहा कि घटना के वक्त इन तीनों के अलावा घर पर कोई नहीं था। आनंद के माता-पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\