देश की खबरें | मप्र : घरेलू कलह के चलते महिला अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदी,तीनों की मौत

सागर (मप्र), पांच सितंबर मध्य प्रदेश के सागर शहर में एक महिला ने घरेलू कलह के चलते अपनी एक बेटी और एक बेटे के साथ कुएं में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना कैंट पुलिस थानांतर्गत तुलसीनगर वार्ड में सोमवार की शाम को हुई।

नगर पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंह ने बताया, ‘‘तुलसीनगर निवासी ममता पटेल (30) ने अपनी बेटी स्नेहा पटेल (7) और बेटे चिराग पटेल (5) के साथ सोमवार की शाम कुएं में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने रात में करीब 10 बजे तीनों शवों को कुएं से निकाला।’

उन्होंने कहा कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि महिला का पति शराब पीने का आदी था और दोनों के बीच अकसर झगड़ा होता रहता था।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस महिला के परिजनों के बयान ले रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)